वन और वन्यजीव अपराधों पर लगेगी लगाम: कॉर्बेट में सघन गश्त और त्वरित कार्रवाई के लिए बेड़े में शामिल हुईं 10 नई मोटरसाइकिलें

ख़बर शेयर करें -

प्रेस नोट दिनंाक 14.06.2026

भारत प्रतिभूति मुद्रण तथा मुद्रा निर्माण निगम लिमिटेड (SPMCIL) द्वारा अपनी कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के लिए टाइगर कंजर्वेशन फाउंडेशन के माध्यम से स्वीकृत “सिलाई प्रशिक्षण-सह-उत्पादन केन्द्र” परियोजना के तहत आज सांवल्दे ग्राम में स्थापित सिलाई केन्द्र का शुभारम्भ किया गया।
उक्त परियोजना का उद्देश्य कॉर्बेट टाइगर रिजर्व क्षेत्र एवं आसपास निवासरत महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। परियोजना के अंतर्गत सांवल्दे ग्राम की बुक्सा जनजाति की 10 महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किया गया है तथा उन्हें 10 सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही समय-समय पर विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित हो सकेंगे।
आज दिनांक 14 जून 2026 को माननीय श्री सुबोध उनियाल जी, कैबिनेट मंत्री, वन, निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य तथा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार द्वारा उक्त सिलाई केन्द्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने इस पहल को वन विभाग एवं टाइगर कंजर्वेशन फाउंडेशन द्वारा स्थानीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया।
कार्यक्रम के दौरान कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में आपॅरेशन मानसून के दृष्टिगत वन एवं वन्यजीव सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से टाइगर कंजर्वेशन फाउंडेशन के माध्यम से प्राप्त 10 मोटरसाइकिलों को भी माननीय मंत्री जी द्वारा हरी झण्डी दिखाकर गश्त हेतु रवाना किया गया। इन मोटरसाइकिलों के माध्यम से वन क्षेत्रों में सघन गश्त, त्वरित प्रतिक्रिया तथा वन एवं वन्यजीव अपराधों की रोकथाम में सहायता मिलेगी।
इसके अतिरिक्त सांवल्दे वन परिसर में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अधिकारियों, कर्मचारियों, दैनिक श्रमिकों, फायर वाचरों, नेचर गाइडों/जिप्सी चालकों एवं स्थानीय ग्रामीणों हेतु स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन किया गया। के.वी.आर. हॉस्पिटल, काशीपुर द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर तथा सिंह डेंटल क्लीनिक, रामनगर द्वारा निःशुल्क दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 80 से अधिक व्यक्तियों ने नेत्र एवं दंत स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर मा. दीवान सिंह बिष्ट, विधायक रामनगर, डॉ. साकेत बडोला, फील्ड डायरेक्टर, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, श्री राहुल मिश्रा, उप निदेशक, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, श्री बिन्दर पाल, पार्क वार्डन/उप प्रभागीय वनाधिकारी, बिजरानी, श्री अमित ग्वासीकोटी, उप प्रभागीय वनाधिकारी, कालागढ़, श्री नवीन चन्द्र पाण्डे, वन क्षेत्राधिकारी, बिजरानी, श्री भानु प्रकाश हर्बाेला, वन क्षेत्राधिकारी, ढेला, श्री दीप चन्द्र तिवारी, वन क्षेत्राधिकारी, झिरना, श्रीमती मंजू नेगी, ब्लॉक प्रमुख रामनगर, श्री संजय नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख, श्री मदन जोशी, श्री तारादत्त बेलवाल, अध्यक्ष, सांवल्दे ईडीसी, श्री ओम प्रकाश गौड़, अध्यक्ष, हिम्मतपुर पूर्वी ई0डी0सी0 सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, के.वी.आर. हॉस्पिटल प्रबंधन से डॉ. कनिका अग्रवाल एवं डॉ. कुशाल अग्रवाल तथा सिंह डेंटल क्लीनिक, रामनगर से डॉ. पूजा पंत एवं सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय समुदायों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान, वन एवं वन्यजीव संरक्षण को सुदृढ़ बनाना तथा वन कार्मिकों एवं सहयोगी हितधारकों के स्वास्थ्य कल्याण को प्रोत्साहित करना रहा। यह पहल संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के समन्वित मॉडल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मीडिया सैल,
कार्बेट टाइगर रिजर्व।

Ad_RCHMCT