पम्पापुरी समेत चार कॉलोनियों के नियमितीकरण की राह हुई आसान
धारा 48 के तहत बंदोबस्ती की प्रक्रिया शुरू, सर्वे ऑफ इंडिया ने किया ड्रोन सर्वे
एक दशक से अधिक समय से मालिकाना हक की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं क्षेत्रवासी
रामनगर। पम्पापुरी, भरतपुरी, दुर्गापुरी और कौशल्यापुरी के हजारों निवासियों के लिए लंबे इंतजार के बाद राहत की उम्मीद जगी है। चारों कॉलोनियों के नियमितीकरण और क्षेत्रवासियों को मालिकाना हक दिलाने की प्रक्रिया अब आगे बढ़ चुकी है। राज्य सरकार की ओर से धारा 48 के तहत बंदोबस्ती के आदेश जारी किए जा चुके हैं, जबकि जिलाधिकारी नैनीताल ने उपजिलाधिकारी रामनगर को सर्वेक्षण की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में उत्तराखंड राजस्व परिषद की पहल पर आधुनिक तकनीक से क्षेत्र का डिजिटल मानचित्र तैयार करने के लिए सर्वे ऑफ इंडिया, देहरादून से ड्रोन सर्वे कराया गया है। ड्रोन सर्वे पूरा होने के बाद अब राजस्व विभाग के स्तर पर आगे की अभिलेखीय और बंदोबस्ती संबंधी कार्रवाई जारी है।
चारों कॉलोनियों के नियमितीकरण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूर्व में घोषणा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में शासनादेश जारी होने के बाद अब संबंधित विभागों द्वारा प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
एक दशक से अधिक पुरानी मांग
पम्पापुरी, भरतपुरी, दुर्गापुरी और कौशल्यापुरी के निवासी पिछले एक दशक से अधिक समय से नियमितीकरण और मालिकाना हक की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमितीकरण होने से उन्हें अपने घर और भूमि के संबंध में वैधानिक अधिकार मिल सकेगा तथा वर्षों से चली आ रही अनिश्चितता समाप्त होगी।
गणेश रावत बोले—जल्द पूरा होगा लोगों का इंतजार
भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए धारा 48 के तहत बंदोबस्ती की कार्रवाई शुरू कराई है। आधुनिक तकनीक से ड्रोन सर्वे कराया जाना भी इसी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया चल रही है और उम्मीद है कि शीघ्र ही पम्पापुरी, भरतपुरी, दुर्गापुरी और कौशल्यापुरी के निवासियों को उनके घरों और भूमि का वैधानिक मालिकाना हक मिल सकेगा।
गणेश रावत ने कहा कि “यह रामनगर के हजारों परिवारों के लिए वर्षों से चली आ रही प्रतीक्षा के समाप्त होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी ने जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेकर इस मामले को आगे बढ़ाया है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा कि नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने से इन चारों कॉलोनियों के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनके लंबे संघर्ष को परिणति प्राप्त होगी।




