रामनगर की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और IMPCL फैक्ट्री के निजीकरण के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्लाबोल; कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को सौंपा मांग पत्र
चेतावनी: यदि कैबिनेट मंत्री द्वारा ज्ञापन पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो अगली बार रामनगर आगमन पर उन्हें काले झंडे दिखाकर पुरजोर विरोध किया जाएगा।
रामनगर। क्षेत्र की गंभीर जनसमस्याओं और बदहाली को लेकर आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर एक मजबूत मांग पत्र सौंपा और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
युवा कांग्रेस नेता सुमित लोहनी ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक रामनगर की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं होतीं और IMPCL फैक्ट्री का निजीकरण नहीं रुकता, तब तक युवा कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी। जनता के अधिकारों की यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
मांग पत्र के मुख्य बिंदु:
IMPCL फैक्ट्री का निजीकरण तुरंत बंद हो:
रामनगर की शान और सैकड़ों स्थानीय परिवारों की रोजी-रोटी का मुख्य जरिया ‘इंडियन मेडिसिन फार्मास्युटिकल्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ (IMPCL) फैक्ट्री को निजी हाथों में बेचने का फैसला सरकार तुरंत वापस ले। यह सरकारी संपत्ति जनता की धरोहर है, इसे किसी भी कीमत पर बिकने नहीं दिया जाएगा।
रामनगर सरकारी अस्पताल की बदहाली दूर हो:
रामनगर का सरकारी अस्पताल आज खुद ‘बीमार’ हालत में वेंटिलेटर पर है। बुनियादी सुविधाओं के घोर अभाव और चारों तरफ फैली अव्यवस्थाओं के कारण गरीब जनता को इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। इस बदहाली को तुरंत ठीक किया जाए।
डॉक्टरों और विशेषज्ञों की तत्काल नियुक्ति हो:
अस्पताल में लंबे समय से खाली पड़े डॉक्टरों और विशेषज्ञ सर्जनों के पदों को तत्काल प्रभाव से भरा जाए। डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को छोटी-मोटी दिक्कतों के लिए भी सुशीला तिवारी अस्पताल या अन्य हायर सेंटरों में रेफर कर दिया जाता है, जिससे कई बार मरीजों की जान पर बन आती है। रैफरल के इस खेल को तुरंत रोका जाए।
मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन और काले झंडे दिखाने की चेतावनी
घेराव कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार जनविरोधी नीतियां अपनाकर आम जनता और कर्मचारियों के पेट पर लात मारने का काम कर रही है। एक तरफ सरकारी संपत्तियों को पूंजीपतियों के हवाले किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं दम तोड़ रही हैं।
सुमित लोहनी ने सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल जी द्वारा हमारे इस ज्ञापन पर जल्द से जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो अगली बार रामनगर आगमन पर उनका पुरजोर विरोध किया जाएगा और उन्हें काले झंडे दिखाकर आक्रोश जताया जाएगा। जनता के हितों की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष और तेज होगा।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद:
इस अवसर पर मुख्य रूप से युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष विकाश कुमार, सभासद सचिन कुमार आर्य, सभासद सोनू करीम, चेतन पंत, शिवम बिष्ट, दीपक रावत सहित भारी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




