जीआईसी दूनागिरी में भौतिक विज्ञान के लो कॉस्ट एंड नो कॉस्ट प्रयोगों पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न
जीआईसी दूनागिरी में साइंस इन द सर्विस ऑफ सोसाइटी के तत्वाधान में परिवेशीय संसाधन आधारित प्रयोग द्वारा भौतिक विज्ञान शिक्षण पर एक दिवसीय कार्यशाला कल संपन्न हुई l

कार्यशाला में, केंद्रीय विद्यालय कौसानी के पीजीटी भौतिक विज्ञान शिक्षक भवानी शंकर कांडपाल तथा जीआईसी पस्यां नैनीताल के विनोद कुमार जोशी ने खेल खेल में कम लागत वाली आसपास उपलब्ध होने वाली वस्तुओं की सहायता से भौतिक विज्ञान की अवधारणाओं को समझाया l इस मुहिम को लो कॉस्ट एंड नो कॉस्ट एक्सपेरिमेंट इन फिजिक्स नाम दिया गया है l
साइंस इन द सर्विस ऑफ सोसाइटी उत्तराखंड में पर्यावरण, हिमालय संरक्षण, विज्ञान शिक्षा तथा जन जागरूकता जैसे विषयों पर पिछले 21 वर्षों से कार्य कर रही है l

संस्था द्वारा में माह में 21 दिन की उत्तराखंड विज्ञान यात्रा का एक पड़ाव द्वाराहाट भी रहा , जहां 63 विज्ञान शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया l
कार्यशाला में विद्यालय के 70 से अधिक विद्यार्थियों तथा सभी शिक्षकों ने सक्रिय रूप से प्रतिभागी किया l
कार्यशाला में आईआईटी कानपुर में पद्मश्री प्रोफेसर हरिश्चंद्र वर्मा द्वारा विकसित भौतिक विज्ञान के सरल प्रयोग को प्रदर्शित किया गया जिनमें इंजेक्शन की सिरिंज की सहायता से वायुदाब तथा बॉयल का नियम, एक न्यूटन के बल का अनुभव, पेपर हेलीकॉप्टर, घिरनी की अवधारणा, तनाव बल, फ़ैराडे के विद्युत चुंबकीय प्रेरणा के नियम से एलईडी बल्ब जलाना, सिक्का करे टक, भार और द्रव्यमान में अंतर आदि से संबंधित सरल और रोचक प्रयोग विद्यार्थियों के बीच विशेष चर्चा का विषय रहे lकार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सरल प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना था। अपने छोटे- छोटे प्रयोगों से उन्होंने कई नियमों को आसान बनाया जिन्हें कक्षा-कक्ष में समझने में बच्चों को कठिनाइयां आती हैं। बच्चों ने भी काफी सक्रियता व तल्लीनता से कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम काफी रोचक व सराहनीय रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बच्चों को इस बात के लिए प्रेरित किया कि वे छोटी छोटी घटनाओं को विज्ञान से जोड़कर देखें और स्वयं के लिए प्रश्नावली तैयार कर उत्तर जानने का प्रयास करें जिसे कक्षा-कक्ष में अध्यापक के साथ साझा करें।
कार्यशाला में विद्यालय के प्राचार्य हरीश त्रिपाठी, दिनेश चंद्र शाह , हयात गिरी, कल्पना, दीपिका, शीला ,गीता तिवारी सहित सभी शिक्षक शिक्षिका उपस्थित रहे l




