उत्तराखंड में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की घोषणा; ‘विकसित भारत 2047’ से जुड़ेंगे नागरिक

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में एक माह का व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार के माध्यम से नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी के इस तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने की दिशा में यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा, जिसमें सभी वर्गों विशेषकर युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  'सैनिक कभी पूर्व नहीं होता, वह जीवनभर सैनिक रहता है': हल्द्वानी में बोले सीएम पुष्कर सिंह धामी; गौरव सेनानी मिलन में पूर्व सैनिकों व वीरांगनाओं का सम्मान

अभियान के अंतर्गत राज्यभर में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें धार्मिक स्थलों, गंगा तटों, राशन व गैस वितरण केंद्रों और प्रमुख विकास परियोजनाओं पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलन, शैक्षणिक संस्थानों में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताएं, विद्यालयों में ‘नमो सेवा’ नाटकों का मंचन, तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण व स्वास्थ्य संबंधी ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम शामिल हैं। इसके साथ ही ‘सेवा की कहानियां’ के जरिए योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभव साझा किए जाएंगे, प्रमुख चौराहों पर ‘सेवा ज्योति कलश’ स्थापित कर बाइक व साइकिल यात्राएं निकाली जाएंगी, और नागरिकों को स्वच्छता व वृक्षारोपण जैसे सेवा कार्यों से जोड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार के ऋषिकुल को आयुर्वेद, योग और भारतीय ज्ञान परंपरा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करेगी राज्य सरकार: सीएम पुष्कर सिंह धामी

प्रशासन को जनता के द्वार तक ले जाने के लिए अभियान के तहत बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविरों से युक्त ‘सेवा सेतु अभियान’ चलाया जाएगा तथा रंगोली के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की जाएगी। नवाचार को बढ़ावा देने हेतु आईआईटी, आईआईएम और विशेषज्ञों के सहयोग से ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित कर जनसमस्याओं के तकनीकी समाधान तलाशे जाएंगे, वहीं जनप्रतिनिधियों के साथ ‘सुशासन सेवा संवाद’ होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान को प्रत्येक जनपद में प्रभारी मंत्रियों के नेतृत्व में जनआंदोलन के रूप में प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।

Ad_RCHMCT