यूकेएसएससी (UKSSSC) स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर हल्द्वानी पुलिस अलर्ट
एसएसपी नैनीताल ने परीक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस बल को ब्रीफिंग लेकर दिए कड़े निर्देश
प्रैस नोट
उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की दिनांक 14.06.2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने कमर कस ली है।
इसी क्रम में आज डॉ0 मंजूनाथ टी०सी० एसएसपी नैनीताल ने कोतवाली स्थित मीटिंग हॉल में परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण ब्रीफिंग ली।
ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी नैनीताल ने परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से कराने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए निम्नलिखित कड़े दिशा-निर्देश जारी किए:
कड़ी चेकिंग और डिजिटल सुरक्षा: सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर (DFMD/HHMD) का उपयोग होगा। परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ जैमर भी एक्टिव रहेंगे।
प्रतिबंधित सामग्रियां: आयोग द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुक्रम में परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार की बाहरी वस्तु, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या अवांछित सामग्री का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
परीक्षा केंद्रों के आसपास पाबंदी: सभी जोनल/सेक्टर पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में कोई भी इंटरनेट कैफे, फोटोकॉपी की दुकान या अन्य संबंधित संस्थान परीक्षा के दौरान खुला न रहे।
होटल और ढाबों की सघन चेकिंग: सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले होटलों, ढाबों, लॉज और होम-स्टे की सघन चेकिंग करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध तत्व पर नजर रखी जा सके।
सुचारू यातायात व्यवस्था: निरीक्षक यातायात को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों और आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह निर्बाध रूप से चलती रहे।
समन्वय और त्वरित सूचना: चेकिंग और फ्रिस्किंग के दौरान वेरिफिकेशन टीम की भी मॉनिटरिंग करें। यदि कोई समस्या आती है, तो तत्काल केंद्र प्रबंधक को सूचित किया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी तुरंत अपने सेक्टर प्रभारी और मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट करें।
कड़ा सुरक्षा घेरा और सघन चेकिंग: परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त होने वाले समस्त स्टाफ को भी अनिवार्य रूप से सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग प्रक्रिया से गुजरना होगा। किसी भी प्राधिकृत व्यक्ति के अलावा अन्य किसी को भी परीक्षा केंद्र के भीतर जाने की अनुमति कतई नहीं होगी।
हाई-टेक उपकरणों पर नजर: इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और आधुनिक तकनीकों के जरिए होने वाली धांधली को रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी ‘पेनटॉर्च’ (Pentorch) से लैस होंगे, जिसके जरिए ब्लूटूथ और अन्य सूक्ष्म ईयर डिवाइसेज की बारीकी से चेकिंग की जाएगी।
अधिकारियों की लगातार मूवमेंट: सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सभी जोनल अधिकारी, सेक्टर अधिकारी और डायल-112 की गाड़ियां लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगी, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सोशल मीडिया और साइबर सेल की पैनी नजर: परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाह, पेपर लीक के झूठे दावों या संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए जिले की सोशल मीडिया मॉनीटरिंग टीम हर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रख रही है। इसके साथ ही जनपद की साइबर और एसओजी (SOG) टीम भी परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार सक्रिय और अलर्ट मोड पर रहेगी।
कंट्रोल रूम से रियल-टाइम मॉनीटरिंग: संपूर्ण परीक्षा पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम पल-पल की स्थिति पर नजर रखते हुए उच्चाधिकारियों को लगातार परीक्षा से जुड़े हर अपडेट से अवगत कराता रहेगा।
एसएसपी नैनीताल ने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होकर ड्यूटी करने की हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारी ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हो। पुलिस का लक्ष्य परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन और शांतिपूर्ण संपन्न कराना है।
ब्रीफिंग के दौरान श्री मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी एवं श्री अमित कुमार सीओ हल्द्वानी द्वारा भी परीक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस बल को परीक्षा ड्यूटी से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में श्री ज्ञानेंद्र शर्मा निरीक्षक अभिसूचना, श्री बृजमोहन सिंह राणा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं, श्री जसवीर सिंह चौहान प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम, श्री दिनेश सिंह फर्त्याल प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा, श्री भूपेश पाण्डेय निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, श्री रोहताश सिंह वरिष्ठ उप निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी, श्री सुशील जोशी थानाध्यक्ष मुखानी समेत ड्यूटीरत अधिकारी/कर्मी मौजूद रहे।
मीडिया सैल
नैनीताल पुलिस।




