चारधाम यात्रा-2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा; अब तक 50.56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, 66.07 लाख पंजीकरण

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चारधाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा, सुगम दर्शन तथा बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, यात्रा के लिए अब तक 66,07,749 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जिनमें से 14 सितम्बर की शाम तक 50,56,160 यात्री चारों धामों एवं श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने मौसम के मिजाज और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर 24 घंटे सतर्क निगरानी रखने, पर्याप्त बचाव दल तैनात करने तथा आपात स्थिति में त्वरित रिलीफ ऑपरेशन संचालित करने के आदेश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  'मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन': सीएम धामी ने छात्रों से किया सीधा संवाद; बोले—'नौकरी खोजने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें युवा'

भीड़ नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री धाम से लगभग 500 मीटर पूर्व दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने, खरसाली से वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने और पैदल मार्ग के चौड़ीकरण के निर्देश दिए। वहीं केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा और भैरव ग्लेशियर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। यात्रा मार्गों पर संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों के स्वास्थ्य परीक्षण, निर्धारित मानकों का पालन और लीद के समुचित निस्तारण के साथ-साथ गंगोत्री मार्ग के चौड़ीकरण व गड्ढामुक्त करने के कार्य में तेजी लाने पर भी विशेष बल दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर महिला की फोटो पर अश्लील टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बढ़ती ठंड को देखते हुए धामों में पर्याप्त अलाव, ऑक्सीजन सिलेंडर, जीवनरक्षक दवाइयों तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर सेवाओं के टिकटों की अनधिकृत बिक्री अथवा तय दरों से अधिक वसूली पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने यात्रा मार्गों पर नियमित रूप से शौचालयों की सफाई, निर्बाध पेयजल-विद्युत आपूर्ति और मोबाइल नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में आपातकालीन संचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

Ad_RCHMCT