शुक्रवार को स्वतंत्रता संग्राम के महान महानायक अमर शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कम्बोज धर्मशाला में आयोजित अखंड पाठ में प्रतिभाग किया और गुरुद्वारे में माथा टेककर प्रदेश की शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद अध्याय था। अमर शहीद ऊधम सिंह ने उस बर्बर अन्याय का प्रतिकार कर पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, अदम्य साहस और दृढ संकल्प का परिचय दिया था। उनका त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति हर भारतीय के मन में देशभक्ति का संचार करती है और हमें राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन वाणी का स्मरण करते हुए कहा कि हमें राष्ट्रभक्ति, सेवा और त्याग की प्रेरणा गुरु साहिब की शिक्षाओं से मिलती है, जो सत्य, करुणा और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने उत्तराखंड के विकास में सिख समाज के योगदान की सराहना की और सभी से शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडेय, शिव अरोड़ा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा और दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर ‘डब्बू’ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




