शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने गढ़वाल आयुक्त, आईजी गढ़वाल और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में खुद ध्यान देने और किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न करने के निर्देश दिए।

जन सुनवाई के दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने केदारनाथ और चारधाम यात्रा के अब तक के सफल व सुगम संचालन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं, विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े विषयों में स्थानीय आजीविका और हितों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और पर्यटन के बीच एक बेहतर संतुलन बनाकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जन समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण करना और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को जनता की सेवा में तत्परता से जुटने के आदेश दिए। इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप तथा अपर सचिव जे. सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




