बुधवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में उत्तराखंड सचिवालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेशभर में विशेष सांस्कृतिक, खेलकूद और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए स्वतंत्रता दिवस को भव्य रूप से मनाने तथा इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य एवं जनपद स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, मैराथन, साइकिल व कार रैलियां, हाई-एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां तथा प्रमुख शहरों में सेना, पुलिस व एनसीसी बैंड द्वारा संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रमों की समय-सारणी साझा करते हुए बताया कि 15 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मुख्य ध्वजारोहण किया जाएगा। इससे पूर्व, प्रातः 9:00 बजे मुख्य सचिव द्वारा सचिवालय में और सभी विभागाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने कार्यालयों पर झंडारोहण किया जाएगा, जबकि अन्य जनपदों में प्रातः 9:30 बजे जिलाधिकारी कार्यालयों पर ध्वजारोहण संपन्न होगा। 14 अगस्त की संध्या को राज्य मुख्यालय में कवि सम्मेलन/मुशायरे का आयोजन किया जाएगा और सभी सरकारी भवनों व ऐतिहासिक इमारतों को आकर्षक एलईडी (LED) रोशनी से जगमगाया जाएगा।

प्रदेश में देशभक्ति का वातावरण निर्मित करने के लिए 14 और 15 अगस्त को प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीत बजाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, सभी शैक्षणिक संस्थानों में प्रातः 7:00 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसके पश्चात ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, विचार गोष्ठी, खेलकूद, निबंध प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अवसर पर प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, विनय शंकर पांडेय, आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन, सैनिक कल्याण सचिव युगल किशोर पंत तथा जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान सहित शासन व प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




