शुक्रवार को रुद्रपुर के एक स्थानीय होटल सभागार में न्यूज़ 18 समूह द्वारा ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के समग्र विकास, औद्योगिक प्रगति, बुनियादी ढांचे के विस्तार, रोजगार, स्वास्थ्य और सुशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और विजन साझा किए। उन्होंने ऊधम सिंह नगर को उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का मुख्य ग्रोथ इंजन और प्रदेश की औद्योगिक राजधानी बताया। इसके साथ ही उन्होंने जिले की सांस्कृतिक विविधता की सराहना करते हुए इसे “मिनी इंडिया” की संज्ञा दी, जहाँ देश के विभिन्न राज्यों से आए लोग आपसी सौहार्द और एकता के साथ रहते हैं।
क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़कों का अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित हो गया है। उन्होंने किच्छा में बन रहे राज्य के दूसरे एम्स (AIIMS) और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य की प्रगति साझा करते हुए कहा कि इनके पूर्ण होने से कुमाऊँ मंडल और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। इसके अतिरिक्त, पंतनगर हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए इसका विस्तारीकरण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्रधानमंत्री की सोच के अनुरूप मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर जैसे सीमांत गांवों को देश का “प्रथम गांव” मानकर वहाँ विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने भू-माफियाओं और अराजक तत्वों के खिलाफ अपनी सरकार के कड़े रुख को भी स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अब तक १२ हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को भू-माफियाओं से मुक्त कराया जा चुका है, जिसका उपयोग केवल जनकल्याण और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त ‘नकल विरोधी कानून’ लागू किया गया है, जिसके तहत अब तक १०० से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है। इसके साथ ही, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के लिए ‘दंगा विरोधी कानून’ लागू किया गया है, जिसके अंतर्गत उपद्रवियों द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई उन्हीं की संपत्ति से की जाएगी। इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, सांसद अजय भट्ट और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित कई जनप्रतिनिधि व उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।




