बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में टिहरी गढ़वाल की नर्सिंग प्रशिक्षित युवा महिला सुश्री सपना राणा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें जर्मनी के हैमबर्ग शहर स्थित प्रसिद्ध शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल (Schon Klinik) में नर्स के पद पर नियुक्ति मिलने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। सपना राणा को इस प्रतिष्ठित अस्पताल में ३,०६० यूरो (लगभग ३,३०,००० रुपये) प्रति माह के आकर्षक वेतनमान पर सेवायोजन प्राप्त हुआ है, जो राज्य के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।
सपना राणा की इस अंतरराष्ट्रीय सफलता में उत्तराखंड सरकार की ‘मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना’ ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा उन्हें विशेष रूप से जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसे सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें यह वैश्विक अवसर मिला। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार अपने युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है; इसी कड़ी में वर्तमान में जापान और जर्मनी के लिए भाषा प्रशिक्षण दिया जा रहा है और अब तक करीब ६५ युवाओं को जापान में भी सफलतापूर्वक सेवायोजित किया जा चुका है।
बैठक में उपस्थित कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने जानकारी दी कि वर्तमान में जर्मनी के चिकित्सा एवं नर्सिंग क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिसका लाभ उठाने के लिए यह प्रकोष्ठ लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने सपना राणा के सफर को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय पोखाल (टिहरी गढ़वाल) से स्कूली शिक्षा और स्टेट नर्सिंग कॉलेज देहरादून से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद सपना ने अपनी मेहनत और सरकारी योजना के सहयोग से यह मुकाम हासिल किया है। इस गौरवशाली मुलाकात के दौरान कौशल विकास विभाग के सचिव सी. रविशंकर भी मौजूद रहे।




