बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार बाईपास रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित ‘अमर उजाला संवाद’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्यमंत्री ने कला और अभिनय के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सुप्रसिद्ध अभिनेता राकेश बेदी को ‘अमर उजाला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘अमर उजाला उत्तराखंड एचीवर्स विशेषांक’ का भी विधिवत विमोचन किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ‘विरासत और विकास’ दोनों को एक साथ लेकर आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में उत्तराखंड देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है जहाँ पर्यावरण के वास्तविक मूल्यांकन के लिए जी.ई.पी (ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट) की व्यवस्था शुरू की गई है।

राज्य की अनूठी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण कार्य किया जा रहा है। ऑल वेदर सड़कों के निर्माण से चारधाम यात्रा बेहद सुगम हुई है, जिसके परिणामस्वरूप इस वर्ष १९ अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में अब तक ४० लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के बाद सीमांत क्षेत्र ‘आदि कैलाश’ में बड़ा बदलाव आया है और जहाँ पहले सालभर में केवल ४०० से ५०० लोग पहुंचते थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या रिकॉर्ड ४५ हजार पार हो गई है। मुख्यमंत्री ने दृढ़ संकल्प जताते हुए कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप से किसी को भी खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी और सरकारी जमीनों से अवैध अतिक्रमण हटाने की बुल्डोजर कार्रवाई राजस्व अभिलेखों को देखकर आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने सरकार की अन्य प्रमुख नीतिगत उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत है, जिसे उत्तराखंड के बाद अब अन्य राज्यों में भी लागू करने की तैयारी हो रही है। युवाओं के भविष्य और रोजगार पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य के ३३ हजार से अधिक युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी गई हैं। राज्य में देश का सबसे सख्त ‘नकल विरोधी कानून’ लागू होने के बाद से परीक्षाओं के प्रति युवाओं का विश्वास पुनः बहाल हुआ है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और होमस्टे जैसी योजनाओं से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्या, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी और अमर उजाला के प्रबंध निदेशक तन्मय माहेश्वरी सहित कई वरिष्ठ पत्रकार व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




