सचिवालय शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र: मुख्यमंत्री धामी; नवनिर्वाचित सचिवालय संघ कार्यकारिणी को दिलाई शपथ

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री दीपक जोशी और महासचिव श्री राजेंद्र रतूड़ी सहित कार्यकारिणी के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की और विश्वास जताया कि नई टीम सचिवालय में एक सकारात्मक कार्य संस्कृति और बेहतर समन्वय स्थापित करने में सफल होगी।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 साल से फरार वारंटी 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत गिरफ्तार

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सचिवालय के महत्व को रेखांकित किया और इसे केवल एक भवन न मानकर प्रदेश की संपूर्ण शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि सचिवालय ही वह स्थान है जहां से राज्य के विकास की रूपरेखा तैयार होती है और जनकल्याणकारी योजनाओं को दिशा मिलती है। सचिवालय में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को विकसित उत्तराखंड के निर्माण में एक महत्वपूर्ण सहभागी बताते हुए उन्होंने कहा कि शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनाने में इस परिवार की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।

यह भी पढ़ें 👉  शहीद ऊधम सिंह की शहादत दिवस पर गदरपुर पहुंचे सीएम धामी; प्रतिमा पर अर्पित की श्रद्धांजलि, गुरुद्वारे में मत्था टेक प्रदेश की समृद्धि की कामना की

मुख्यमंत्री ने सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि एक मजबूत और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र ही शासन की सबसे बड़ी शक्ति होता है। जब शासन और कर्मचारी टीम भावना के साथ काम करते हैं, तो विकास कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, ई-गवर्नेंस को सशक्त करने और तकनीक आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कदम उठा रही है ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।

यह भी पढ़ें 👉  करदाताओं के हित में उठी मांग: ITR दाखिल करने की तिथि 31 अगस्त 2026 तक बढ़ाने के लिए सौंपा ज्ञापन

अंत में, मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की। उन्होंने पूरी टीम से आह्वान किया कि वे देवभूमि उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के सरकार के “विकल्प रहित संकल्प” को सिद्ध करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस गरिमामयी कार्यक्रम में शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा भारी संख्या में सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ad_RCHMCT