स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम रिसेप्शन’ के लिए अल्मोड़ा की एनसीसी कैडेट गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सहयोग से संचालित ‘युवा आपदा मित्र योजना’ के तहत देशभर से चुने गए केवल 5 युवा कैडेट्स में गर्विता ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी जगह बनाई है। उनकी इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश के युवाओं की अनुशासन, सेवा भावना और आपदा प्रबंधन के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में प्रशिक्षित युवाओं का मजबूत नेटवर्क राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी कि राज्य में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड्स के कुल 4,310 युवाओं को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक लगभग 2,700 युवाओं को खोज-बचाव, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। गर्विता भाकुनी ने राष्ट्रपति भवन में राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने पर खुशी जताते हुए इसे अत्यंत गौरवशाली क्षण बताया और भविष्य में भी निष्ठा से जनसेवा करने की बात कही।




