शनिवार को खटीमा में आयोजित ‘थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने बीएसएफ (BSF) के एवरेस्ट विजेता मोहन सिंह राणा और आईटीबीपी (ITBP) के एवरेस्ट विजेता टीला सेन को सम्मानित किया। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में कड़े धर्मांतरण विरोधी कानून के क्रियान्वयन और नशे के खिलाफ जारी संयुक्त अभियानों का उल्लेख करते हुए थारू समाज के साथ सरकार की विकास साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि ‘अटल आवास योजना’ की लागत बढ़ाकर तथा ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना’ के तहत उधम सिंह नगर जिले में सैकड़ों परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। इसके अलावा, शिक्षा के क्षेत्र में आश्रम पद्धति विद्यालयों के अपग्रेडेशन, खटीमा में ₹4 करोड़ की लागत से बालिका छात्रावास, बाजपुर में ₹16 करोड़ से विद्यालय व छात्रावास तथा गदरपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय महिलाओं के स्वावलंबन के लिए ₹1 करोड़ की चक्रीय निधि और ₹8 करोड़ की निवेश सहायता दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सितारगंज में ‘थारू विकास भवन’ का निर्माण जारी है और क्षेत्र के आधारभूत विकास के लिए लगातार बजटीय प्रावधान किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में थारू समाज के प्रतिनिधियों ने संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, थारू राणा परिषद अध्यक्ष दान सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




