मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार की मुहिम में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई। जापान की प्रसिद्ध ‘अनाडुकी ग्लोबल करियर कंपनी लिमिटेड’ के तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय (सर्वे चौक) और दून विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल में श्री हिदेतारो उसुई, सुश्री माई इकुता और सुश्री मिहोको मात्सुमोतो शामिल थे। जापानी प्रतिनिधियों का यह भ्रमण उत्तराखंड और जापान के मध्य कौशल विकास, जापानी भाषा प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार सहयोग को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ‘मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन और वैश्विक रोजगार योजना’ के तहत जापानी भाषा सीख रहे युवाओं से सीधा संवाद किया। प्रतिनिधियों ने छात्रों को जापानी भाषा के सटीक उच्चारण, व्यावहारिक बातचीत के तरीकों और जापानी कॉरपोरेट एथिक्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जापान में आईटी, हॉस्पिटैलिटी, इंजीनियरिंग और केयरगिविंग जैसे क्षेत्रों में जापानी भाषा जानने वाले कुशल युवाओं की अत्यधिक मांग है। सेवायोजन निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को केवल भाषा ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति और व्यावहारिक कौशल में भी दक्ष बना रही है ताकि उन्हें विदेशों में बेहतर करियर विकल्प मिल सकें।

इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने दून विश्वविद्यालय में जापानी भाषा विभाग के प्राध्यापकों एवं प्लेसमेंट प्रभारियों के साथ बैठक कर पाठ्यक्रम को अधिक प्रभावी व रोजगारोन्मुख बनाने और जापान में उच्च शिक्षा व प्लेसमेंट के अवसरों को बढ़ाने पर चर्चा की। जापानी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि भाषा ज्ञान के साथ-साथ जापान के सामाजिक व्यवहार, सांस्कृतिक मूल्यों और वर्क कल्चर को समझना भी वहां एक सफल करियर के लिए बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री के अपर सचिव मनमोहन मैनाली ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा युवाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की काफी सराहना की है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह प्रयास उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर उनके लिए स्वर्णिम भविष्य के नए द्वार खोलेगा।




