मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की पीएम मोदी द्वारा शिलान्यास परियोजनाओं की समीक्षा; महासू देवता हनोल और जागेश्वर धाम के कार्यों को प्राथमिकता के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

मंगलवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शिलान्यास किए गए उत्तराखंड के विभिन्न महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश में वर्तमान में गतिमान सभी ४० विकास परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति का विस्तार से ब्योरा लिया। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित सचिवों को कड़े निर्देश दिए कि इन सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए और इसकी नियमित प्रगति रिपोर्ट को अनिवार्य रूप से संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  बड़ी कामयाबी: SSP नैनीताल के निर्देश पर 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत 8 अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद, सितारगंज का शातिर तस्कर गिरफ्तार!

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्रोजेक्ट अपडेट करते समय उसके पूर्ण होने की संभावित तिथि का भी स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि जो विकास कार्य इस वर्ष के अंत तक पूरे होने वाले हैं, उन्हें आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए लगातार मॉनिटरिंग के जरिए समय से संपन्न कराया जाए। बैठक में उन्होंने बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न कार्यों में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों को टाइमलाइन के अनुरूप फॉरेस्ट क्लीयरेंस और भूमि हस्तांतरण जैसे मामलों की लगातार पैरवी करने और उनकी कड़ी निगरानी करने को कहा।

बैठक के दौरान पर्यटन, शहरी विकास और ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने पर्यटन विभाग के अंतर्गत महासू देवता (हनोल) में समग्र बुनियादी ढांचे के निर्माण और जागेश्वर धाम मंदिर से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनकी प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने शहरी विकास विभाग के तहत देहरादून में संचालित जलापूर्ति, सीवरेज और जल निकासी प्रणाली के विकास कार्यों तथा ऊर्जा विभाग के अंतर्गत ३०० मेगावाट की लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना, बनबसा व घनसाली सबस्टेशन और चमोली में ४०० केवी पीपलकोटी स्विचिंग सबस्टेशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  नियम तोड़ने वालों पर एसएसपी नैनीताल का कड़ा एक्शन: मोहर्रम जुलूस के आयोजकों पर मुकदमा दर्ज

मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने उन सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता पर लेकर शीघ्र पूर्ण करने को कहा जो लगभग पूर्ण होने की कगार पर पहुंच चुकी हैं। इनमें राज्य के १३ जनपदों की ७३ पेयजल आपूर्ति परियोजनाएं, पीएमजीएसवाई के अंतर्गत ९६ प्रतिशत पूरे हो चुके १३३ सड़क निर्माण कार्य, ९७ प्रतिशत पूरे हो चुके १५१ पुलों के निर्माण कार्य तथा नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत उधमसिंह नगर में ९८ प्रतिशत पूर्ण हो चुके नदी पुनर्जीवन कार्य शामिल हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनाई, आर. मीनाक्षी सुन्दरम और सचिव शैलेश बगौली सहित विभिन्न संबंधित विभागों के सचिव व विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Ad_RCHMCT