मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल ऐप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक और उन्नत तकनीक का बेहतर उपयोग किसानों को समय पर जरूरी परामर्श और सेवाएं उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह डिजिटल नवाचार प्रदेश के किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के लिए अत्यंत लाभकारी और आजीविका संवर्धन में उपयोगी सिद्ध होगा।


संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐप को किसानों की जमीनी और व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके माध्यम से किसानों को रियल-टाइम मौसम पूर्वानुमान व अलर्ट, एआई-आधारित फसल रोग पहचान और उपचार, फसल-विशिष्ट वैज्ञानिक सलाह तथा परिवहन व लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं एक ही मंच पर मिलेंगी। इसके साथ ही, ऐप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के स्थानीय उत्पादों को सीधे बाजार और आधुनिक मंडियों से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे किसानों को उत्पादन से लेकर उत्पाद विपणन तक हर चरण में डिजिटल सहयोग मिल सके।




