रामनगर महाविद्यालय की पत्रिका अभिव्यक्ति का विमोचन
रामनगर। पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की पत्रिका अभिव्यक्ति का विमोचन मुख्य अतिथि रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने महाविद्यालय के उल्लेखनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दीं।साथ ही छात्र छात्राओं को प्रतियोगी जगत में सदैव कठिन परिश्रम हेतु प्रेरित किया। उन्होंने शैक्षणिक संवर्धन हेतु नवाचारों एवं नवीन तकनीकों को अपनाने की बात कही। विमोचन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि दीवान सिंह बिष्ट, अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष डूंगर सिंह कनवाल,पुरातन छात्र परिषद के अध्यक्ष गणेश रावत, प्राचार्य प्रो.एम.सी.पाण्डे, प्रधान सम्पादिका डॉ.पुनीता कुशवाहा एवं चीफ प्रॉक्टर प्रो.एस.एस.मौर्या ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।प्रधान सम्पादिका डॉ.पुनीता कुशवाहा ने स्वागत भाषण के उपरान्त महाविद्यालय पत्रिका अभिव्यक्ति के संयुक्तांक 2023-24 व 2024-25 के विषय में विचार व्यक्त किए। विशिष्ट अतिथि गणेश रावत एवं डूंगर सिंह कनवाल ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।इस अवसर पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष संजय डौर्बी व भूपेन्द्र सिंह खाती ने महाविद्यालय की प्रगति, शैक्षणिक वातावरण,शोध एवं अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों में छात्र छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम अध्यक्ष प्राचार्य प्रो.पाण्डे ने महाविद्यालय के पचास वर्षों की विकास यात्रा में अपना अविस्मरणीय योगदान देने वाले समस्त सम्मानित व्यक्तियों का स्मरण करते हुए निरन्तर महाविद्यालय के चहुंमुखी विकास हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने पत्रिका समिति की संयोजक डॉ.पुनीता कुशवाहा, सदस्य डॉ.मूलचन्द्र शुक्ला, डॉ.नीमा राणा,डॉ.ऋचा पुनेठा,डॉ.डी.एन.जोशी,डॉ.प्रकाश सिंह बिष्ट, छात्र सम्पादक प्रियांशु लखचौरा,छात्रा सम्पादक पूजा मेहरा के अथक परिश्रम एवं कार्यों की प्रशंसा की। चीफ प्रॉक्टर प्रो.एस.एस.मौर्या ने मुख्य अतिथि सहित समस्त उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।मंच संचालन डॉ.डी.एन.जोशी ने किया।इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, छात्र संघ पदाधिकारी एवं छात्र छात्राएं मौजूद रहे।




