मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में ₹17 करोड़ 80 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतार रही है, जिससे मसूरी और आसपास के क्षेत्रों के विकास को एक नई रफ्तार मिल रही है।

मसूरी को पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन का प्रमुख केंद्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में जारी बुनियादी ढांचा विकास कार्यों का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में भव्य सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक 13 किमी मुख्य मार्ग का उच्चीकरण, और मालदेवता लाल पुल से सुआखोली मार्ग का सीआरएफ (CRF) योजना के तहत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से गांवों में शुद्ध जल आपूर्ति, रिखोली के 16 गांवों में विद्युतीकरण और सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के तटों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के ऐतिहासिक और कड़े फैसलों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जनसांख्यिकी बदलाव रोकने के लिए सख्त धर्मांतरण रोधी कानून, समान नागरिक संहिता (UCC), दंगाइयों से नुकसान की भरपाई का कानून और पारदर्शी भर्ती के लिए कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके तहत 34,000 से अधिक पारदर्शी नौकरियां दी गई हैं। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘वेड इन उत्तराखंड’ और ‘होम स्टे’ जैसी स्वरोजगार नीतियों के बल पर प्रदेश में बेरोजगारी दर में 4.4% की ऐतिहासिक गिरावट आई है और उत्तराखंड ने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में देश भर में पहला स्थान हासिल किया है।




