हल्द्वानी में कैबिनेट मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को दिए नियुक्ति पत्र, कही ये बड़ी बात

ख़बर शेयर करें -

 उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को हल्द्वानी ब्लॉक सभागार में जनपद नैनीताल की नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से चयनित कुल 323 अभ्यर्थियों में से 177 को मौके पर ही नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों से अनुपस्थित 146 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे।

मंत्री रेखा आर्या ने इस अवसर को “सेवा, समर्पण और समाज कल्याण का अवसर” बताते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री का पद केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज के नौनिहालों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संपन्न किया गया, जिसे महज तीन महीनों में पूर्ण कर लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  प्राधिकरण के कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता की शिकायत आई तो तय होगी जवाबदेही: भावना मेहरा

मंत्री ने जानकारी दी कि पूरे उत्तराखंड में कुल 7052 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें 722 कार्यकत्री और 6330 सहायिका शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब विभाग में ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, बीटेक, एमटेक जैसी उच्च डिग्रियों वाली महिलाएं चयनित हो रही हैं, जिससे विभाग की कार्यक्षमता और सेवा की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव आएगा।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का 2 नवंबर को एक दिवसीय हल्द्वानी दौरा: NKB TIMES के लॉन्चिंग समारोह में करेंगे शिरकत

मंत्री आर्या ने यह भी कहा कि अब राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यकत्री और सहायिका की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है, जिससे बाल विकास सेवाओं में व्यापक सुधार होगा।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक बंशीधर भगत ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी नियुक्त महिलाओं को बधाई दी और कहा कि वे ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के क्षेत्र में भी सक्रिय प्रयास कर रही है, जिसका परिणाम है कि उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में देशभर में सातवें स्थान पर है – यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

यह भी पढ़ें 👉  बिना नंबर प्लेट फर्राटा भरने वाले बाइकर्स पर काशीपुर पुलिस का हंटर: एक दर्जन मोटरसाइकिलें सीज

कार्यक्रम में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, रंजन बर्गली, संदीप सनवाल, नवीन भट्ट, गोविंद सिंह, मनीषा आर्या, कमल रावत, उपजिलाधिकारी राहुल साह, बाल विकास परियोजना अधिकारी अनुलेखा बिष्ट समेत सभी ब्लॉकों से चयनित नवनियुक्त कार्यकत्री और सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Ad_RCHMCT