प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी ‘सेवा विधि’: सीएम धामी ने आर.सी. लोहनी की पुस्तक का किया विमोचन; कहा- ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ ही सरकार का मूल मंत्र

ख़बर शेयर करें -

बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक सेवा विधि का विधिवत विमोचन किया। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद यह अपनी तरह की पहली व्यावहारिक मार्गदर्शिका (Hand Book) है, जिसमें सरकारी सेवा से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों, सेवा नियमों, शासनादेशों तथा माननीय उच्चतम एवं उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों को एक ही स्थान पर सरल और व्यवस्थित रूप में संकलित किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस प्रयास की सराहना करते हुए पुस्तक को प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में मार्गदर्शन प्रदान करने वाली व्यवहारिक गाइड बताया।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार बनेगा विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी: महाकुंभ-2027 से पहले ₹235 करोड़ की 4 बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास; सीएम धामी बोले- भव्य और सुरक्षित होगा कुंभ

पुस्तक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी केवल एक पद नहीं, बल्कि सीधे तौर पर जनसेवा और राष्ट्रसेवा का माध्यम है। जब कोई अधिकारी किसी गरीब को उसका अधिकार दिलाता है या सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाता है, तो उसका हर निर्णय सीधे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकसेवक के लिए केवल ईमानदारी ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमों, कानूनों और प्रक्रियाओं की गहरी समझ होना भी उतना ही आवश्यक है। यह पुस्तक अधिकारियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और प्रशासनिक नियमों की स्पष्ट समझ प्रदान करेगी, जिससे वे अधिक आत्मविश्वास और दक्षता के साथ कार्य कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  दिल्ली में ऊर्जा संकट पर सीएम धामी का बड़ा एक्शन: केंद्रीय विद्युत मंत्री से मिले; केंद्रीय पूल से मांगी 200 मेगावाट अतिरिक्त बिजली और ₹7,800 करोड़ की वित्तीय सहायता

मुख्यमंत्री ने सरकार की कार्यशैली और प्रशासनिक विजन को रेखांकित करते हुए स्पष्ट किया कि हमारी सरकार का मूल मंत्र सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि है। उन्होंने कहा कि नियम व्यवस्था बनाए रखने के लिए होते हैं, लेकिन उनका अंतिम उद्देश्य जनकल्याण और जनता का जीवन सरल बनाना होना चाहिए। अधिकारियों को नियमों की आत्मा को समझते हुए उन्हीं के भीतर जनहित का रास्ता खोजना चाहिए, ताकि फाइलों का समयबद्ध निस्तारण हो सके और जनता को सुलभ व पारदर्शी न्याय मिले।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल स्कूल हॉलिडे अलर्ट: भारी बारिश की चेतावनी के चलते 20 जुलाई को बंद रहेंगे सभी स्कूल।

पुस्तक के लेखक आर.सी. लोहनी ने बताया कि ‘सेवा विधि’ में नियुक्ति, आरक्षण, परिवीक्षा, ज्येष्ठता, पदोन्नति, स्थानांतरण, मृतक आश्रितों के सेवायोजन, निलंबन, अनुशासनात्मक कार्यवाही, आचरण नियमावली, अवकाश नियमों तथा सेवानिवृत्ति से जुड़े सभी आवश्यक सेवा नियमों का सार शामिल किया गया है। यह पुस्तक अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सेवाकाल में हर कदम पर सही मार्गदर्शन देने में सहायक सिद्ध होगी। इस विमोचन समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित कई पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Ad_RCHMCT