देवप्रयाग के टॉपर विद्यार्थियों ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से की मुलाकात; मुख्य सचिव बोले—’सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, मेहनत का कोई विकल्प नहीं’

ख़बर शेयर करें -

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से ‘भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण’ पर निकले मेधावी एवं टॉपर छात्र-छात्राओं के दल से भेंट कर उनसे विभिन्न विषयों पर आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए स्थानीय विधायक विनोद कंडारी को इस प्रकार की अभिनव पहल के लिए बधाई दी। मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने आज के प्रतिस्पर्धी और तकनीकी युग में विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, स्वयं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने और अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ने की सीख दी।

यह भी पढ़ें 👉  युवा शक्ति विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड की मुख्य आधारशिला: 'युवा संकल्प दिवस' पर बोले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्य सचिव ने वर्तमान समय में तकनीक और मोबाइल के सकारात्मक उपयोग पर बल देते हुए विद्यार्थियों को इसके दुष्प्रभावों, गलत संगति और नशे से दूर रहने की सख्त सलाह दी। उन्होंने मानसिक तनाव और अवसाद की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि वे किसी भी परेशानी या गलती की स्थिति में अपने माता-पिता और गुरुजनों से खुला संवाद रखें और महत्वपूर्ण बातें न छिपाएं। साथ ही, उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ संगीत, खेल या गायन जैसी हॉबी विकसित कर जीवन में संतुलन बनाए रखने का सुझाव दिया। मुख्य सचिव ने विधायक कंडारी की इस पहल को अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने की बात कही और बताया कि राज्य सरकार भी स्कूली व उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को भारत भ्रमण कराने की दिशा में प्रयासरत है।

Ad_RCHMCT