​”रामनगर यातायात सुधार: वैकल्पिक मार्गों को खोलने और पार्किंग व्यवस्था की मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से की मुलाकात।”

ख़बर शेयर करें -


उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर क्षेत्र में चरमराती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, जाम से मुक्ति दिलाने एवं यातायात हेतु वैकल्पिक मार्गों के सुचारू उपयोग की मांग को लेकर उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान से उनके कार्यालय में मिला तथा उनसे बातचीत कर अपने सुझाव एवं मांगे ज्ञापन के रूप में सोंपी।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी को नगर क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्गो पर प्रतिदिन लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम और उससे उत्पन्न होने वाली गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए बताया कि वर्तमान मे यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जिसके कारण स्थानीय निवासियों, मरीजों,नौकरीपेशा लोगों, स्कूली बच्चों और पर्यटकों को भारी मानसिक व शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस -प्रशासन, नगर पालिका से जुड़े लोगों के द्वारा समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं लेकिन स्थाई एवं वैकल्पिक व्यवस्था ना हो पाने के कारण स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाते हैं।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने उप जिलाधिकारी से वार्ता कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अपने सुझाव देते उन्हें मांग पत्र सोंपा ।मांग पत्र में मांग की गई है कि
1 -गर्जिया झूला पुल कोसी नदी से भंडार पानी को जाने वाले पुराने सड़क मार्ग को यातायात हेतु खोला जाए जिससे पहाड़ से हल्द्वानी ,काशीपुर, अमगडी,सीतावनी को आने जाने वाहन नगर क्षेत्र में प्रवेश किये बिना सीधे अपने गन्तव्य को आसानी से आ जा सकते हैं।। इस मार्ग के खुलने से काफी हद तक यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो सकती है तथा लोगों को जाम से निजात मिल सकती है।
2- रामनगर वन प्रभाग के रामनगर रेंज कार्यालय वन परिसर मुख्य मार्ग से लगी वन विभाग की एकदम खाली पड़ी जमीन पर वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था के लिए रामनगर वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी एवं शासन प्रशासन से जुड़े लोगों को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा जाए। यदि यह स्थान पार्किंग के लिए मिलता है तो उससे जहां वन विभाग ,शासन प्रशासन को करोड़ों रुपए का राजस्व की प्राप्ति होगी वही बस ,टेंपो ,जिप्सी, ट्रक एवं प्राइवेट वाहन जो भी वहां मुख्य मार्ग के दाएं बाएं खड़े रहते हैं जिनके कारण जाम की समस्या उत्पन्न होती है काफी हद तक जाम से निजात मिल सकती है।
3 – रामनगर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों का शहरीकरण बड़ी तेजी के साथ हो रहा है। ढिकुली,मोहान, गर्जिया, कानिया, पीरूमदारा, सांवल्दे ढेला रूट पर बड़ी संख्या में आबादी रहती है।धार्मिक स्थल, बड़ी संख्या में होटल, रिसोर्ट खुलने, पर्यटन गतिविधियों, वैडिंग डेस्टिनेशन होने के कारण इन रुटों पर दिन प्रतिदिन आवाजाही बढ़ती जा रही है। लोगों के आने जाने की कनेक्टिविटी ना होने के कारण आम लोगों तथा यहां पर आने वाले मेहमान, मजदूरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है,उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने इन रूटों पर सिटी बस या टेंपो सेवा नियमित रूप से चलाने तथा उनका किराया निर्धारित करने की मांग की।
4-मुख्य चौराहों लखनपुर, कोसी रोड, भवानीगंज, टेढा रोड, कोसी बैराज आदि व्यस्ततम चौराहों पर पीक आवर व्यस्ततम समय (Peak Hours) के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने तथा वाहनों का आवागमन व्यवस्थित करने की मांग रखी।
5-वैकल्पिक मार्गों (Alternative Routes) कोसी रोड, नंदा लाइन,कोटद्वार रोड, गैस गोदाम रोड का सुदृढ़ीकरण: मुख्य मार्ग के समानांतर जो आंतरिक या लिंक मार्ग हैं, उनकी मरम्मत कराई जाए और उन्हें मुख्य यातायात के लिए तैयार किया जाए ताकि भारी वाहनों या पिक-आवर के ट्रैफिक को वहाँ डायवर्ट किया जा सके। प्रतिनिधि मंडल में शामिल सदस्यों ने बताया कि उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने प्रतिनिधि मंडल द्वारा दिए गए सुझाव एवं मांगो को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तथा स्थानीय प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। प्रतिनिधि मंडल में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी, केंद्रीय सचिव लालमणि,मनमोहन अग्रवाल संरक्षक देवभूमि व्यापार मंडल रामनगर, नगर संयोजक आसिफ, सुनील पर्नवाल , संपादक जीएस बिष्ट शामिल थे।

Ad_RCHMCT