भारी बारिश की चेतावनी: इस जिले में 6 अगस्त को सभी स्कूल बंद

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के तहत अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा 5 और 6 अगस्त के लिए उत्तरकाशी जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तीव्र वर्षा के दौर की चेतावनी जारी की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर में 'दुदबोलि' का अनूठा आयोजन: उत्तराखंडी लोककवियों की रचनाओं की गूंजी संगीतमय प्रस्तुति

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में उत्तरकाशी जनपद के अधिकांश क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जल स्तर बढ़ गया है। इसके साथ ही, कई स्थानों पर पैदल मार्ग और सड़कें भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने बादल फटने, भूस्खलन तथा अन्य संभावित आपदाओं के जोखिम को देखते हुए एहतियातन कदम उठाने का निर्णय लिया है।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में पिथौरागढ़ विकास प्राधिकरण की 7वीं बोर्ड बैठक संपन्न, कई अहम विकास कार्यों को मिली मंजूरी

आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 22(H) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिलाधिकारी उत्तरकाशी ने 6 अगस्त 2025 (बृहस्पतिवार) को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और संभावित आपदा जोखिम को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीमें संभावित आपदाओं से निपटने के लिए तैनात की जा चुकी हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की यात्रा से बचें।

Ad_RCHMCT