मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बल्लूपुर, देहरादून में ‘ओहो रेडियो 89.2 एफएम’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक और डिजिटल युग के तेजी से विस्तार के बावजूद रेडियो आज भी जनसंवाद, जनजागरूकता और सामाजिक चेतना का एक अत्यंत विश्वसनीय और प्रभावी माध्यम बना हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ओहो रेडियो समाज में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने, जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने तथा विभिन्न सामाजिक सरोकारों को आमजन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रेडियो के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सूचना, शिक्षा और मनोरंजन का ऐसा सशक्त जरिया है, जिसकी पहुँच समाज के अंतिम व्यक्ति तक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे अति-महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी नागरिकों तक पहुँचाने में एफएम और सामुदायिक रेडियो की भूमिका हमेशा से उल्लेखनीय रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने आगे कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकभाषाओं, लोककलाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आशा जताई कि ओहो रेडियो 89.2 एफएम उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक समृद्धि में योगदान देते हुए रचनात्मक सोच का प्रसार करेगा। इस अवसर पर कैंट विधायक सविता कपूर तथा ओहो रेडियो के आर.जे. काव्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




