मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की अगस्त माह की किस्त सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। डीबीटी प्रणाली के तहत राज्य के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में कुल ₹147 करोड़ 05 लाख की पेंशन धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। इसके अतिरिक्त, माह अगस्त में विभिन्न श्रेणियों के 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत की गई, जिनमें सर्वाधिक 3,945 लाभार्थी वृद्धावस्था पेंशन योजना से जुड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक सामाजिक सुरक्षा का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील रुख अपनाने का निर्देश देते हुए कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों का तकनीकी या अन्य कारणों से आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर सीधे खाता आधारित भुगतान (Account Based Payment) की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।

प्रस्तुतीकरण में जानकारी दी गई कि कुल लाभार्थियों में 2.14 लाख से अधिक केंद्र पोषित एनएसएपी (NSAP) और 7.77 लाख से अधिक राज्य पोषित श्रेणी में शामिल हैं। साथ ही अवगत कराया गया कि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा 18 व 19 सितंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्राथमिकताओं पर राज्यों के साथ विस्तृत संवाद होगा।




