उत्तराखण्ड के 100 प्रमुख ट्रेक और हाइक मार्गों की होगी GPS/GIS मैपिंग: मुख्यमंत्री ने अभियान दल को किया रवाना

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखण्ड के 100 प्रमुख ट्रेक एवं हाइक रूट्स की वैज्ञानिक GPS/GIS मैपिंग तथा तकनीकी सर्वेक्षण के लिए अभियान दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में साहसिक एवं ट्रेकिंग पर्यटन को अधिक सुरक्षित, सुगम और तकनीक आधारित बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वैज्ञानिक मैपिंग से पर्यटकों की सुरक्षा पुख्ता होगी, आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव (रेस्क्यू) कार्य त्वरित हो सकेंगे तथा संवेदनशील हिमालयी पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ-साथ दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

यह भी पढ़ें 👉  'मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन': 10वीं और 12वीं के छात्रों को टैब हेतु DBT से मिलेगी राशि, सीएम धामी ने की घोषणा; नेपाल आपदा राहत सहायता दल को दिखाई हरी झंडी

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि इस सर्वेक्षण के आधार पर एक समर्पित ऑफलाइन एवं ऑनलाइन GPS नेविगेशन ऐप तैयार किया जाएगा, जिससे नेटवर्क कनेक्टिविटी न होने पर भी ट्रेकर्स मोबाइल पर सटीक रूट नेविगेट कर सकेंगे। सभी 100 प्रमुख मार्गों को कवर करने वाला ऐसा व्यापक ऐप विकसित करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बनेगा। मैपिंग के दौरान ट्रेक मार्गों पर कैंप साइट्स, डस्टबिन और शौचालयों के लिए उपयुक्त स्थलों का भी चिन्हीकरण किया जाएगा, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं का सुनियोजित विकास हो सके। इसके अतिरिक्त, कम प्रसिद्ध ट्रेक स्थलों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और कॉफी टेबल बुक भी प्रकाशित की जाएगी।

Ad_RCHMCT