रामनगर (नैनीताल): कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज से एक दुखद खबर सामने आई है। आज दिनांक 18.05.2026 को सुबह लगभग 9:10 बजे, गश्ती दल द्वारा नियमित गश्त के दौरान धारा ब्लॉक (धारा बीट कक्ष संख्या 12) में धारा स्रोत के सहायक नाले के पास एक नर बाघ मृत अवस्था में पाया गया।

प्राथमिक निरीक्षण और सुरक्षा
- गश्ती दल की सूचना पर तुरंत उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
- राहत और संतोष की बात यह है कि मौके पर बाघ के समस्त अंग सुरक्षित पाए गए।
- घटना स्थल के आसपास गहन कॉम्बिंग (तलाशी) की गई, जहां कोई भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु नहीं मिली है।
पोस्टमार्टम और जांच प्रक्रिया
- पशु-चिकित्साधिकारियों के पैनल द्वारा वन अधिकारियों, कर्मचारियों और NGO प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित SOP के अनुसार बाघ के शव का विच्छेदन (पोस्टमार्टम) और शव निस्तारण किया गया।
- डॉक्टरों के पैनल के अनुसार मृत नर बाघ की उम्र लगभग 8 से 10 वर्ष आंकी गई है।
- पोस्टमार्टम के दौरान बाघ के आवश्यक आंतरिक अंगों के नमूने (Samples) एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए IVRI (आई.वी.आर.आई.) बरेली और भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) देहरादून भेजा जा रहा है। बाघ की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा।
मौके पर उपस्थित अधिकारी/कर्मचारी
घटनास्थल पर उप निदेशक श्री राहुल मिश्रा (IFS), उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री बिन्दर पाल, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ० दुष्यन्त शर्मा एवं डॉ० राहुल सती सहित कालागढ़ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी, वन दरोगा, वन आरक्षी और WWF के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




