NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा हेतु नैनीताल पुलिस की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था
एसएसपी नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० ने ड्यूटीरत पुलिस बल को किया ब्रीफ
ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कठोर विभागीय कार्यवाही
11 केंद्रों पर तैनात रहेगा भारी पुलिस बल और CAPF जवान
नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर रहेगी पैनी नजर, केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू
जैमर, सीसीटीवी और बायोमेट्रिक से होगी सतत निगरानी, टॉर्च से होगी ब्लूटूथ ईयर डिवाइस की चेकिंग
अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए यातायात पुलिस, सीपीयू और डायल 112 की टीमें रहेंगी मुस्तैद
प्रैस नोट
दिनांक 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा (Re-Examination) को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु जनपद पुलिस द्वारा बहुस्तरीय सुरक्षा एवं कड़ी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यह परीक्षा जनपद के हल्द्वानी, लालकुआं, बनभूलपुरा एवं मुखानी क्षेत्र स्थित कुल 11 परीक्षा केन्द्रों पर दोपहर 02:00 बजे से सायं 05:15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 4080 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
सुरक्षा का खाका: सुपर जोनल से लेकर सेक्टर अधिकारियों की तैनाती
परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए श्री मनोज कुमार कत्याल (एसपी हल्द्वानी) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही पूरे परीक्षा क्षेत्र को 05 जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया है।
आंतरिक सुरक्षा: परीक्षा केंद्रों के भीतर 11 उपनिरीक्षक, 27 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 26 महिला कांस्टेबल, 12 एलआईयू (LIU) कार्मिक और 11 होमगार्ड तैनात रहेंगे।
बाहरी सुरक्षा: केंद्रों के बाहर 11 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 11 कांस्टेबल, 12 महिला कांस्टेबल और 22 सीएपीएफ (CAPF) के जवान मुस्तैद रहेंगे।
गोपनीय सामग्री की सुरक्षा: स्ट्रॉन्ग रूम से प्रश्न पत्रों को सुरक्षित लाने-ले जाने के लिए विशेष पुलिस एस्कॉर्ट लगाई गई है, जिसमें पुलिस लाइन से 22 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 22 CAPF जवान तैनात रहेंगे।
👉इस परिप्रेक्ष्य में “डॉ० मंजूनाथ टी०सी० एसएसपी नैनीताल” द्वारा आज सायं हल्द्वानी कोतवाली मीटिंग हॉल में NEET परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी/कर्मियों को ब्रीफ किया गया।
परीक्षा को लेकर निम्नलिखित कड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं:
सघन चेकिंग (फ्रिस्किंग): प्रत्येक अभ्यर्थी के साथ-साथ परीक्षा ड्यूटी में लगे स्टाफ की भी अनिवार्य चेकिंग होगी। सभी केंद्रों पर DFMD, HHMD और मेटल डिटेक्टर के जरिए जांच की जाएगी। टॉर्च के माध्यम से विशेष रूप से ब्लूटूथ व सूक्ष्म ईयर डिवाइस की चेकिंग की जाएगी। बाहरी सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी लगातार परीक्षा उपबंधों को अनाउंसमेंट करते रहेंगे।
लापरवाही बरतने पर होगी कठोर कार्यवाही
सभी ड्यूटीरत फोर्स को सख्त चेतावनी दे गई है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी अन्यथा कठोर विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था: महिला अभ्यर्थियों की गरिमा का ध्यान रखते हुए महिला पुलिस कर्मियों द्वारा पृथक (अलग) एनक्लोजर में संवेदनशीलता के साथ चेकिंग की जाएगी।
प्रतिबंधित सामग्रियां: मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, लैपटॉप, टैबलेट, कैलकुलेटर या कोई भी हिडन कैमरा/इलेक्ट्रॉनिक उपकरण केंद्र के भीतर ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।
तकनीकी निगरानी: सभी केंद्रों पर जैमर सिस्टम को एक्टिवेट रखा जाएगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और बायोमेट्रिक सत्यापन से सतत निगरानी की जाएगी।
सॉल्वर गैंग और अफवाहों पर नजर: नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर नकेल कसने के लिए एसओजी (SOG), साइबर सेल और एलआईयू को एक्टिव किया गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग और रूट प्लान
परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में आवश्यक प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे। इस परिधि में धरना-प्रदर्शन, लाउडस्पीकर या किसी भी प्रकार के व्यवधान की अनुमति नहीं होगी। किसी भी परीक्षा केंद्र में कोई अन्य बैठक व कार्य संचालित नहीं होंगे। सभी थाना प्रभारियों को आज रात्रि से ही अपने-अपने क्षेत्रों के होटलों, रिज़ॉर्ट, ढाबों, होम-स्टे, गेस्ट हाउसों, वाई-फाई और साइबर कैफे/फोटोकॉपी दुकानों की सघन चेकिंग करते हुए किसी भी अनियमितता पाये जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। थाना क्षेत्र में घुमंतू, संदिग्धों पर नजर रखेंगे और विधिवत कार्यवाही करेंगे। आज रात से ही सभी बैरियर पर भी सघन चेकिंग की जाएगी।
यातायात व्यवस्था रहेगी सुचारू
परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो, इसके लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल, सीपीयू (CPU) और डायल 112 की टीमें लगातार मूवमेंट में रहेंगी। सभी सेक्टर पुलिस अधिकारी प्रातः 09:00 बजे से ही मोर्चा संभाल लेंगे। आपात स्थितियों के लिए सभी थानों में रिजर्व पुलिस बल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
नैनीताल पुलिस की अपील: नैनीताल पुलिस परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी परीक्षार्थी एवं अभिभावक अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
ब्रीफिंग में श्री मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी, श्री रेवाधर मठपाल एसपी संचार एवं श्री अमित कुमार सीओ हल्द्वानी ने भी परीक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान श्री रेवाधर मठपाल एसपी संचार जनपद नैनीताल, श्री अमित कुमार सीओ हल्द्वानी, श्री विनय सिंह सीओ प्रशिक्षु, श्री निखिल राज असिस्टेंट कमांडेंट SSB, श्री हरकेश सिंह प्रतिसार निरीक्षक, श्री ज्ञानेंद्र शर्मा निरीक्षक अभिसूचना, श्री विजय मेहता प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी, श्री अरुण कुमार सैनी प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी, श्री राजकुमार बिष्ट निरीक्षक पुलिस दूर संचार नैनीताल, श्री दिनेश सिंह फर्त्याल प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा, श्री बृजमोहन राणा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं, श्री भूपेश पाण्डेय निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, श्री जसवीर सिंह चौहान प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम, श्री सुशील जोशी थानाध्यक्ष मुखानी, श्रीमती अंजू सिंह नोडल अधिकारी NTA, श्री बाबू राम नोडल अधिकारी NTA समेत अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मी मौजूद रहे।




