सागौन तस्करी का खुलासा
रामनगर, 06 जून 2026
श्रीमान प्रभागीय वनाधिकारी, तराई पश्चिमी वन प्रभाग, रामनगर एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी, रामनगर के निर्देशन में तथा वन क्षेत्राधिकारी, रामनगर के नेतृत्व में रामनगर रेंज एवं वन सुरक्षा दल की संयुक्त टीम द्वारा वन अपराधियों के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के दौरान वन अपराध में प्रयुक्त एक छोटा हाथी वाहन को सागौन के 04 गिल्टों सहित पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त वन अपराध में प्रयुक्त एक हीरो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई तथा मौके से तीन वन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर प्राप्त सूचना पर काशीपुर रेंज अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुर लच्छी में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान भूसे के ढेर में छिपाकर रखे गए सागौन प्रकाष्ठ के 11 नग बरामद किए गए। बरामद समस्त सागौन प्रकाष्ठ को वन अभिरक्षा में लेकर प्राइवेट ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से कठियापुल चौकी परिसर में सुरक्षित रखवा दिया गया है। बरामद छोटा हाथी वाहन एवं हीरो मोटरसाइकिल को भी विधिक कार्यवाही हेतु वन अभिरक्षा में ले लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी प्रकाश में आया है कि प्रकरण से संबंधित अभियुक्त पूर्व में भी अनेक वन अपराधों में नामजद रहे हैं तथा उनकी तलाश की जा रही थी। संबंधित व्यक्ति शातिर प्रवृत्ति के वन अपराधी हैं, जो लंबे समय से अवैध वन गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में हल्द्वानी कारागार भेज दिया गया है।
मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 एवं अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।




