उत्तराखंडः नींद की झपकी से अनियंत्रित हुई कार, बाल-बाल बचा परिवार

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र के पंतगांव के पास नोएडा से श्रीनगर की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। सौभाग्य से कार में सवार पति, पत्नी और बच्चे सभी सुरक्षित रहे, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

घटना के संबंध में थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि नोएडा निवासी अनुभव प्रसाद डिमरी, पुत्र वीरेंद्र प्रसाद, अपनी पत्नी और बच्चों के साथ श्रीकोट गंगानली (श्रीनगर) जा रहे थे। इसी दौरान पंतगांव के समीप चालक को झपकी आ गई, और गाड़ी अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने पर चालक ने हैंडब्रेक खींचने की कोशिश की, लेकिन इससे वाहन सड़क पर पलट गया।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में पिथौरागढ़ विकास प्राधिकरण की 7वीं बोर्ड बैठक संपन्न, कई अहम विकास कार्यों को मिली मंजूरी

कार पलटने के बावजूद कोई गंभीर चोट नहीं आई और वाहन खाई की ओर गिरने से बच गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। क्रेन की सहायता से कार को सीधा कर सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का 2 नवंबर को एक दिवसीय हल्द्वानी दौरा: NKB TIMES के लॉन्चिंग समारोह में करेंगे शिरकत

थानाध्यक्ष रावत ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ब्रेक लेना अनिवार्य है। विशेष रूप से रात्रि यात्रा या थकान की स्थिति में वाहन न चलाने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी असावधानी जानलेवा साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के चर्चित IPS प्रहलाद नारायण मीणा को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी, दिल्ली WCCB में बने उप निदेशक

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कुछ मामलों में वाहन खाई में गिरने, आग लगने और टक्कर की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रशासन इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को लेकर सक्रिय निगरानी बनाए हुए है।

Ad_RCHMCT