मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में प्रदेश में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन नेटवर्क और घरेलू गैस कनेक्शनों के विस्तार की प्रगति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने गैस वितरण कंपनियों, संबंधित कार्यदायी एजेंसियों और जिलाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश का मौसम समाप्त होते ही सड़क खुदाई की अनुमति मिलने के साथ ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए, विशेष रूप से हरिद्वार जनपद में ‘कुंभ-2027’ के दृष्टिगत सभी संबंधित कार्य मेला शुरू होने से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं।

भविष्य में सड़कों को बार-बार खोदने से बचाने और समय व संसाधनों की बचत के लिए मुख्य सचिव ने सभी एजेंसियों को विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा, ताकि प्रस्तावित नए सड़क निर्माण कार्यों में पीएनजी पाइपलाइन का प्रावधान पहले से ही शामिल किया जा सके। इसके साथ ही, पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को भूमि आवंटन, लीज, किराया और रोड कटिंग/डिगिंग से जुड़ी एक स्पष्ट व सुगम नीति तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिसमें खुदाई के उपरांत सड़कों और सार्वजनिक संपत्तियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार समयबद्ध ढंग से उनके पूर्व स्वरूप में लाना अनिवार्य होगा।
परियोजनाओं की समयबद्ध निगरानी के लिए मुख्य सचिव ने सभी एजेंसियों को विस्तृत टाइमलाइन तैयार कर साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित करने और उसी आधार पर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अधिकारियों को भारत सरकार की ‘गोवर्धन योजना’ के तहत मिलने वाली वित्तीय सब्सिडी का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा सभी विभागों व एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा।




