मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन कार्यक्रम का फ्लैग ऑफ किया। उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतीकात्मक दौड़ में भाग लिया और आयोजन के शुभंकर “क्यालु-हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने युवाओं के उत्साह और भागीदारी को देवभूमि उत्तराखंड के साहस, संकल्प और सामर्थ्य का प्रतीक बताया।

सीएम धामी ने कहा कि यह दौड़ शारीरिक क्षमता के साथ-साथ इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि दुर्गम नीति घाटी में दौड़ना बड़े हौसले और अडिग विश्वास की मांग करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं, इस आयोजन के माध्यम से साकार हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति देगा।
उन्होंने बताया कि 31 मई को नीति घाटी में होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के खेल एवं एडवेंचर टूरिज्म के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय लिखेगा। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि देश के 27 राज्यों और 2 देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने इस महाआयोजन के लिए पंजीकरण कराया है।

इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पर्यटन विकास परिषद नरेन्द्र भंडारी और अनेक प्रतिभागी मौजूद रहे।




