मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में 89 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया।

ख़बर शेयर करें -



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। लगभग 89 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई इन परियोजनाओं में “दीदी की लाइब्रेरी”, आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन और विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्य शामिल हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खटीमा में स्थापित “दीदी की लाइब्रेरी” विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार में संत समागम: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीएम धामी ने 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' पर संतों से मांगा समर्थन; विकास और संसाधनों की बचत पर दिया बल


सीएम धामी ने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के अनेक प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते थे। नई लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं तथा उच्च शिक्षा की बेहतर तैयारी का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि होगी।


मुख्यमंत्री ने व्यायामशाला भवन के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों और बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगी।

यह भी पढ़ें 👉  ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिला ऐतिहासिक जनसमर्थन: 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भेजा विजन; 140 श्रेष्ठ विचारों पर सीएम धामी करेंगे सीधा संवाद


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए खेल एवं फिटनेस से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है।

यह भी पढ़ें 👉  बिजनेस टुडे के BTIndia@100 कार्यक्रम में सीएम धामी ने रखा उत्तराखंड का विकास मॉडल; 30 नई नीतियां, मजबूत कनेक्टिविटी और ₹2000 करोड़ से अधिक का स्टार्टअप इकोसिस्टम


इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Ad_RCHMCT