मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर अतिक्रमण हटाने, भू-कानून उल्लंघन और मानसून तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

ख़बर शेयर करें -



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान उन्होंने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की भी जांच करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भू-कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की जांच की जाए और उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। उन्होंने राज्य में स्थित शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के भी निर्देश दिए। साथ ही वक्फ संपत्तियों का ब्योरा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज होने की नियमित समीक्षा और जांच करने को कहा।
सीएम धामी ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की पहचान, जनसेवा केंद्रों की जांच तथा अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने को कहा।
आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को समय रहते पूर्व तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित करने, क्षतिग्रस्त आंतरिक सड़कों की मरम्मत समयबद्ध रूप से पूरी करने और ग्रीष्मकालीन समय को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या या तकनीकी दिक्कत को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा कटौती को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए कि अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो। यदि किसी कारणवश कटौती आवश्यक हो, तो इसकी पूर्व सूचना स्थानीय स्तर पर समय रहते आम जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को असुविधा न हो।
चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से निरंतर फीडबैक लेने, पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और ट्रैफिक की प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसखंड यात्रा के अंतर्गत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को आगामी माह तक हर हाल में पूर्ण करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यान विभाग की पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं को कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए किसानों तक वास्तविक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को और तेज करने तथा जोशीमठ में पुनर्निर्माण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा भी की।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में मानसून से पहले विशेष सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Ad_RCHMCT