मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आई.आर.डी.टी सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता अभिमुखीकरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत मई 2026 की पेंशन राशि वन क्लिक के माध्यम से 9 लाख 74 हजार 338 लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की। कुल 176 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई।

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यशाला में नशा मुक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और देखभाल की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला सामाजिक कल्याण योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना भेदभाव, देरी और बाधा के योजनाओं का लाभ देना है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। जन-धन, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि स्टैंड-अप इंडिया, मुद्रा, पीएम स्वनिधि, दीनदयाल अंत्योदय योजना और राष्ट्रीय आजीविका मिशन के माध्यम से वंचित वर्गों को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के अवसर मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अंत्योदय परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडर निशुल्क दिए जा रहे हैं, दिव्यांग कार्मिकों का वाहन भत्ता बढ़ाया गया है, और स्वयं सहायता समूहों को लखपति दीदी योजना व कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। राष्ट्रीय खेलों, जी-20 बैठकों और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट ने उत्तराखंड को नई पहचान दी है। शीतकालीन पर्यटन, केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर, ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर, यमुना कॉरिडोर, विवेकानंद कॉरिडोर और गोल्ज्यू कॉरिडोर पर भी तेजी से कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की आर्थिकी डेढ़ गुना बढ़ी है, जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग के एसडीजी सूचकांक में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक सविता कपूर, पार्वती दास, भूपाल राम टम्टा, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव प्रकाश चन्द्र तथा विभिन्न आयोगों, परिषदों एवं समितियों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष मौजूद रहे।




