मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पंचकूला (हरियाणा) स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वयं क्रिकेट किट पहनकर मैदान पर उतरे और युवा खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट में देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल हमें टीम भावना, अनुशासन, निरंतर प्रयास और समर्पण सिखाते हैं, जो जीवन में किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अनिवार्य हैं।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं और खिलाड़ियों को ‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ के संकल्प के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि यदि जीवन में कोई लत लगानी है तो वह खेल और फिटनेस की होनी चाहिए, और यदि कोई जुनून पालना है तो वह अपने सपनों को पूरा करने का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा नशे के बजाय सकारात्मक दिशा, खेल और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए, क्योंकि एक युवा के नशे से दूर रहने पर पूरा परिवार संवरता है और समाज मजबूत होता है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि आज खेलों के प्रति देश की मानसिकता में बड़ा बदलाव आया है और ‘पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब’ की पुरानी धारणा बदलकर अब ‘खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब’ में तब्दील हो चुकी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने वाली हरियाणा की समृद्ध खेल परंपरा और खिलाड़ियों के परिश्रम की भी प्रशंसा की तथा रेखांकित किया कि खेल युवाओं में नेतृत्व, धैर्य, विनम्रता और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।




