मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में सचिवालय एथलेटिक्स एंड फिटनेस क्लब की द्विवार्षिक पत्रिका का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता, शारीरिक सक्रियता और फिट जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए क्लब के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन, बेहतर कार्यक्षमता और सकारात्मक जीवन के आधार हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम, दौड़, खेल गतिविधियों और अनुशासित जीवनशैली को शारीरिक व मानसिक सशक्तिकरण का माध्यम बताया।
उन्होंने कहा कि सचिवालय एथलेटिक्स एंड फिटनेस क्लब द्वारा कर्मचारियों और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे प्रयास प्रेरणादायी हैं। मुख्यमंत्री ने क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ काम करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
क्लब की इस पत्रिका में वर्षभर आयोजित गतिविधियों का विवरण शामिल है, जिनमें स्वास्थ्य के लिए दौड़, सचिवालय वार्षिक प्रतियोगिता, अंतर-विभागीय प्रतियोगिताएं, स्वतंत्रता दिवस पर 15 किलोमीटर दौड़, गणतंत्र दिवस पर 26 किलोमीटर दौड़ और नमामि गंगे अभियान के तहत देहरादून से हरिद्वार तक अखंड रिले दौड़ शामिल हैं।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष ललित चंद्र जोशी, महासचिव राजेंद्र प्रसाद जोशी, पत्रिका संपादक शारदा शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश घींगा, मुख्य सलाहकार जीवन सिंह बिष्ट, सलाहकार रीता कौल, उपाध्यक्ष रीना शाही सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




