अस्पतालों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण, कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
फायर स्टेशन रानीखेत की टीम द्वारा विभिन्न अस्पतालों एवं क्लीनिकों में किया गया फायर सेफ्टी निरीक्षण
अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आपातकालीन तैयारियों को लेकर कर्मचारियों को किया जागरूक
*श्री चंद्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा* के निर्देशन में *मुख्य अग्निशमन अधिकारी अल्मोड़ा श्री नरेन्द्र सिंह कुंवर* पर्यवेक्षण में *प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रानीखेत श्री गणेश चंद्र* मय फायर टीम द्वारा आज दिनांक 26.05.2026 को नगर क्षेत्र स्थित विभिन्न अस्पतालों एवं क्लीनिकों का अग्निशमन सुरक्षा दृष्टिकोण से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा एम.एन. श्रीवास्तव हॉस्पिटल, पॉली क्लीनिक, वंगारी क्लीनिक एवं चाइल्ड क्लीनिक में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
फायर टीम ने अस्पतालों में उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं स्टाफ को अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, प्रारंभिक सतर्कता एवं आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही कर्मचारियों को प्राथमिक अग्निशमन यंत्रों के सही संचालन एवं उपयोग की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
इस दौरान फायर अधिकारियों द्वारा सभी संस्थानों को निर्देशित किया गया कि आपातकालीन निकास मार्गों को सदैव अवरोध मुक्त रखा जाए तथा अग्निशमन उपकरणों की समय-समय पर जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि एवं संपत्ति की क्षति को रोका जा सके।




