मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में भाग लिया। बैठक में आंतरिक सुरक्षा, आधारभूत विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यों के बीच बेहतर संवाद, सहयोग और समन्वय से ही देश के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारी एवं समन्वित संघीय व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है।
सीएम धामी ने उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाली विश्वप्रसिद्ध मां नंदा राजजात यात्रा और दिव्य-भव्य कुंभ मेले की तैयारियों का विषय भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि ये दोनों आयोजन देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं के लिए केंद्र व राज्यों के समन्वित सहयोग की आवश्यकता होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और विभिन्न राज्यों के सहयोग से मां नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेले का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और ऐतिहासिक रूप से सफल होगा।

बैठक में सीमावर्ती राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर भी बल दिया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित विभिन्न राज्यों के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।




