‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिला ऐतिहासिक जनसमर्थन: 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भेजा विजन; 140 श्रेष्ठ विचारों पर सीएम धामी करेंगे सीधा संवाद

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए राज्यव्यापी अभियान ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ को विद्यार्थियों से अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला है। राज्यभर के सरकारी और निजी विद्यालयों के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पोर्टल पर अपने निबंध व सुझाव जमा कर प्रदेश के भविष्य को लेकर अपना विजन साझा किया है। मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त को लगभग तीन लाख विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद कर उन्हें राज्य निर्माण की प्रक्रिया में सहभागी बनने का आह्वान किया था।

यह भी पढ़ें 👉  सीमांत क्षेत्रों तक पहुंची सरकार, विकास को नई रफ्तार: भारत-नेपाल सीमा से सटे बनबसा में पहली बार हुई धामी कैबिनेट की बैठक

विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, वन एवं पर्यावरण और सामाजिक विकास सहित आठ प्रमुख विषयों पर अपने मौलिक सुझाव प्रस्तुत किए हैं। अभियान के अंतर्गत 140 सर्वश्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों व सचिवों के साथ चर्चा करने का अवसर मिलेगा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं उनसे सीधा संवाद करेंगे। इसके साथ ही श्रेष्ठ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मार्गदर्शन, करियर सहयोग और पुरस्कार दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नानकमत्ता पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी: गुरुद्वारा परिसर में किया श्रमदान, स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का दिया संदेश

अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने जानकारी दी कि नई पीढ़ी को नीति निर्माण से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई इस प्रतियोगिता में प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित है, और सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण पत्र दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के उत्कृष्ट और व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश की भावी नीतियों एवं विकास की कार्ययोजनाओं में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा, ताकि युवा केवल योजनाओं के लाभार्थी न रहकर ‘विकसित उत्तराखंड’ के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।

Ad_RCHMCT