विकास की राह पर अल्मोड़ा: सीएम धामी ने दन्या को दी ₹4.96 करोड़ के कॉलेज भवन की सौगात; क्षेत्र के लिए की कई बड़ी घोषणाएं

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्र पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा जिले के दन्या क्षेत्र के रामलीला मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। जनसभा से पूर्व मुख्यमंत्री ने ४ करोड़ ९६ लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय दन्या के नए भवन का लोकार्पण किया, जिससे स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने जनसभा में स्पष्ट किया कि राज्य सरकार संपूर्ण उत्तराखंड का समेकित और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य कर रही है।

क्षेत्रीय विकास को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद बीरेश्वर गोस्वामी की स्मृति में अल्मोड़ा में एक भव्य स्मारक द्वार का निर्माण शामिल है। इसके अलावा, खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए चमतोला में खेल मैदान और राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में एक मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण, प्रेम मंदिर व राधा कृष्ण मंदिर का सौंदर्यीकरण, खेती जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी से कलूटा पोलिंग बूथ तक नई सड़क का निर्माण और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की घोषणाएं भी की गईं।

यह भी पढ़ें 👉  बड़ी खुशखबरी:श्री हनुमान धाम (छोइ, रामनगर) के मुख्य मार्ग के लिए ₹4.06 करोड़ की धनराशि रिलीज

सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संरक्षण पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारखंड की तर्ज पर अब कुमाऊं के मानसखंड क्षेत्र में भी पर्यटन और तीर्थाटन की गतिविधियों में ऐतिहासिक वृद्धि हो रही है। उन्होंने प्रसिद्ध जागेश्वर धाम का उदाहरण देते हुए कहा कि धाम के मूल पौराणिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए ‘जागेश्वर मास्टर प्लान’ के तहत विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं विकसित करना शामिल है। इसके साथ ही, राज्य में शीतकालीन पर्यटन और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ नीति के माध्यम से स्थानीय मेलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दी जा रही है, जिससे पहाड़ों में स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की उल्टी गिनती: मुख्यमंत्री धामी ने 'रन फॉर योगा' दौड़ को हरी झंडी दिखाई; युवाओं से की योग को जनआंदोलन बनाने की अपील

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं के भविष्य पर बात करते हुए कहा कि उत्तराखंड को देश का ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ बनने का गौरव प्राप्त हुआ है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ा है। उन्होंने युवाओं का भरोसा बढ़ाने वाले कड़े ‘नकल विरोधी कानून’ और भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की जा रही सख्त कार्रवाई का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी जनसभा को संबोधित किया। जनसभा के समापन के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान विधायक मोहन सिंह महरा और जिलाधिकारी अंशुल सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Ad_RCHMCT