रामनगर : ऑनलाइन कारोबार के विरोध में आज दवा की दुकानें बंद रही

ख़बर शेयर करें -


रामनगर।

ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट कंपनियों की ओर से भारी छूट देने के विरोध में जिले भर के 1400 से अधिक मेडिकल स्टोर बुधवार को बंद रहे जिसमे रामनगर के मेडिकल स्टोर भी शामिल रहे। रामनगर ड्रग एंड केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष उमेश गर्ग ने बताया कि उनके इस आंदोलन को रामनगर सहित कुमाऊं और गढ़वाल के व्यापारियों व दवा विक्रेताओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। श्री गर्ग के अनुसार ऑनलाइन दवा कारोबार के तेजी से बढ़ने के कारण हजारों फार्मासिस्ट, मेडिकल स्टोर संचालक और दवा कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों की नौकरियां खतरे में पड़ रही हैं। बड़ी कॉरपोरेट कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर पारंपरिक मेडिकल कारोबार को खत्म करने की कोशिश कर रही हैं, जिससे छोटे व्यापारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। एसो. के सचिव इकरार हुसैन ने बताया कि सरकार की ओर से लागू कानून में विसंगतियों के कारण दवा व्यापारियों को कई तरह की प्रशासनिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने सरकार से जनहित और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन कानूनों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने की मांग की है। संगठन ने इसे लेकर एसडीएम को भी ज्ञापन दिया है। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील की है। इधर ब्रजेश हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ अभिषेक अग्रवाल का कहना है कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना उचित जांच और निगरानी के दवाइयों की बिक्री कर रहे हैं। इससे नकली और गलत दवाओं की सप्लाई की आशंका बढ़ गई है। कोल्ड चेन सिस्टम के अंतर्गत आने वाली जीवन रक्षक दवाइयों के रखरखाव और परिवहन के लिए अभी तक स्पष्ट नियम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
फ़ोटो-

Ad_RCHMCT