दुःखद- गंगा स्नान के दौरान गुजरात के दो बच्चे डूबे, उपचार के दौरान मौत

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र में गुजरात के दो बच्चे गंगा स्नान करते समय डूब गए। दोनों बच्चों को गोताखोरों की मदद से अचेत अवस्था में गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, विपुल भाई पवार (वाडोड, तापी, गुजरात) अपने परिवार के साथ हरिद्वार गंगा स्नान करने के लिए आए थे। वे बुधवार को परमार्थ घाट के पास संतमत घाट पर स्नान कर रहे थे, तभी विपुल भाई की बेटी प्रत्यूषा (13) और बेटा दर्श (6) गंगा की तेज बहाव में बहने लगे। बच्चों को बहते हुए देख परिवार ने शोर मचाया और घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे नाकाम रहे और दोनों बच्चे बहकर लापता हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  तकनीकी शिक्षा में बड़ा बदलाव: उत्तराखंड में बनेंगे 5-6 'टेक्निकल एजुकेशन हब'; मुख्य सचिव ने दिए AI-इंडस्ट्री आधारित रोडमैप और ओवरसीज प्लेसमेंट के निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही सप्तऋषि चौकी प्रभारी आशीष नेगी ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जल पुलिस के साथ सर्च अभियान शुरू किया। कुछ समय बाद ठोकर नंबर-13 के पास दोनों बच्चों को पानी से बेसुध अवस्था में बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  कार्बेट टाइगर रिजर्व: विश्व हाथी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम और IVRI का 5-दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। परिवार सिर्फ दो दिन पहले ही गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आया था, और इस हादसे के बाद परिवार में गहरा शोक है।

Ad_RCHMCT