डिजिटल सेंटर्स पर सजेगा योग का मंच: उत्तराखंड के सैकड़ों CSC केंद्रों पर कल आयोजित होंगे भव्य योग शिविर; पीएम मोदी के कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण

ख़बर शेयर करें -

२१ जून को आयोजित होने वाले १२वें ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर उत्तराखंड के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में योग का प्रसार करने के लिए ‘कॉमन सर्विस सेंटर’ (CSC) द्वारा व्यापक स्तर पर योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में ‘CSC ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड’ के राज्य कार्यालय ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिला प्रबंधकों और ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLEs) को अपने-अपने क्षेत्रों व ग्राम पंचायतों में योग शिविर आयोजित करने तथा इनमें स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: तराई पश्चिमी वन प्रभाग की सख्ती का असर, खनन राजस्व में हुई ऐतिहासिक वृद्धि, देखें क्या है वजह?

इन योग शिविरों का मुख्य उद्देश्य न केवल लोगों को योगाभ्यास कराना है, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। इस बार दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों के नागरिकों को राष्ट्रीय स्तर के मुख्य आयोजन से जोड़ने के लिए सीएससी केंद्रों पर विशेष डिजिटल व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत केंद्रों पर बड़ी स्क्रीन और प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन और सामूहिक योग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: पुष्पा कुमारी बनीं 'एसआईआर' (SIR) का कार्य 100% पूर्ण करने वाली पहली बीएलओ, उपजिलाधिकारी ने की सराहना

सीएससी राज्य कार्यालय ने देवभूमि के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे २१ जून को सुबह अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर आयोजित होने वाले इन शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें। कार्यालय ने जोर देकर कहा कि लोग योग को केवल एक दिन के उत्सव के रूप में न देखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं ताकि एक स्वस्थ, ऊर्जावान और निरोगी समाज का निर्माण किया जा सके।

Ad_RCHMCT