मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर की शहरी और ग्रामीण सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून का मौसम समाप्त होते ही पूरे राज्य में सड़क निर्माण व मरम्मत के कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं। इसके लिए संबंधित विभागों को अभी से निविदा (टेंडर) प्रक्रिया सहित सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां समय से पूर्ण करने को कहा गया है, ताकि मौसम खुलते ही कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्मित ऐसी पुरानी सड़कों के नवीनीकरण पर भी चर्चा हुई, जिनकी नियमित रखरखाव (रखरखाव अवधि) समाप्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन ग्रामीण मार्गों को दुरुस्त रखने के लिए राज्य सरकार आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही, नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को पर्याप्त बजट मुहैया कराया जाएगा, ताकि शहरी क्षेत्रों की आंतरिक व मुख्य सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमजीएसवाई और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे स्वयं आगामी अक्टूबर माह से प्रदेश के विभिन्न जनपदों का सड़क मार्ग से सघन भ्रमण करेंगे और धरातल पर चल रहे सड़क सुधार कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।




