मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय परिसर में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारी सीजन में उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीद में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ के संकल्प को जन-अभियान बनाकर ही ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि राज्य की मातृशक्ति द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पाद उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और हुनर की वास्तविक पहचान हैं। स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों की खरीद से सीधे तौर पर ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होती है और महिला उद्यमियों को आर्थिक संबल मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों को बेहतर बाजार और मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।




