मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस पुल से करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और सिडकुल सितारगंज व विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने के लिए लगभग 9 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल क्षेत्र में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
सीएम धामी ने बताया कि शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल पर आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई बनाई जा रही है, जबकि प्रह्लाद पलसिया में 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण तेजी से चल रहा है। क्षेत्र में पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है और सितारगंज-टनकपुर फोरलेन, ड्रेनेज प्रणाली, मोटर मार्गों व मल्टी स्टोरी पार्किंग का काम भी जारी है।

उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर में किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण हो रहा है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे की दिशा में कार्य जारी है, जबकि गदरपुर और खटीमा बाईपास, बस अड्डों, खेल स्टेडियमों और औद्योगिक परियोजनाओं से क्षेत्र को नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना को पुनः प्रारंभ करने और गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि को किसानों के हित में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास, सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और पारदर्शी प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




